विकासनगर। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता के बरामदे में दो साल से धूल फांक रही आठ लाख की एक्स-रे मशीन लगा दी है। एक दो दिन में मशीन से एक्स-रे होने लगेंगे। सीएचसी चकराता में पुरानी एक्सरे मशीन लगी हुई थी जिससे एक्स-रे साफ नहीं आते थे। जनता की मांग पर सरकार द्वारा चकराता अस्पताल में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन तो भेज दी थी, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी मशीन नहीं लग पाई थी। अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि बिजली फिटिंग और अर्थिंग के कार्य न होने से मशीन नहीं लग पा रही है। इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी जागे और अस्पताल में मशीन स्थापित कर दी गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश चौहान ने बताया कि अस्पताल में मशीन स्थापित करा दी गई है। इसी सप्ताह से अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे की सुविधा शुरू हो जाएगी।
![]()
