नई टिहरी। वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने नाबार्ड योजना के तहत पॉलीटेक्निक के द्वितीय फेज के 32.92 करोड़ के कामों व 2.70 करोड़ की लागत से बनने वाली डिजीटल लाइब्रेरी के कामों का भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया। इस मौके पर मंत्री उनियाल ने कहा कि यह काम छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। शिक्षण के लिए छात्रों को इसका बेहतर लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का मुखिया होने के नाते मेरा निरंतर प्रयास है कि नई तकनीकी का लाभ छात्रों को अधिकाधिक मिले। एक ही छत के नीचे छात्र-छात्राओं को आईटीआई डिप्लोमा, बीटेक व एमटेक के प्रशिक्षण का अवसर मिले।
इंटीग्रेटेड कांसेप्ट के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को उचित प्लेटफार्म मिले। इसके लिए निदेशक तकनीकी शिक्षा एवं प्रधानाचार्य को निर्देशित कर दिया है कि इस दिशा में कार्य को आगे बढ़ाया जाय। डिप्लोमा के साथ चार ब्रांचों से फूड टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ,कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चलाने को एआईसीटीई अनुमोदन की कार्रवाई चल रही है। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र सिंह भंडारी व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने पॉलीटेक्निक के इन कामों के लिए आभार जताते हुए कहा कि नरेंद्रनगर विधानसभा में विकास के कामों को मंत्री के प्रयासों से निरंतर गति मिल रही है। इस मौके पर सचिव तकनीकी शिक्षा रवि नाथ रामन ,निदेशक प्राविधिक शिक्षा आरपी गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक प्राविधिक शिक्षा परिषद डा मुकेश पांडे, प्रधानाचार्य आलोक मिश्रा, प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद सजवान आदि मौजूद रहे।
![]()
