यश हरिद्वार न्यूज़ ✍️

देवेश वर्मा न्यूज़ रिपोर्ट ✍️
शिवालिकनगर के विभिन्न वार्डों में होगा सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण व पुनर्निर्माण; हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ
26 सितम्बर 2026 हरिद्वार- रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹3.41 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

स्वीकृत कार्यों के तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड संख्या 02 में ₹99.42 लाख की लागत से लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले करीब 1 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹45.26 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 03 में ₹97.48 लाख की लागत से लगभग 2 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण, जबकि वार्ड संख्या 04 में ₹99.11 लाख की लागत से लगभग 5 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।
विधायक आदेश चौहान ने सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है।
विधायक ने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है और क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
