विकासनगर। विद्युत लाइनों में फॉल्ट आ जाने से बुधवार रात दो घंटे से ज्यादा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं मध्य रात्रि से लेकर गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार घंटे आपूर्ति बाधित रही। यानी बुधवार रात से लेकर गुरुवार सुबह तक करीब साढ़े छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार रात सवा आठ बजे पछवादून सहित जौनसार बावर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी थी। जो दो घण्टे बाद सुचारू हुई। यही नहीं मध्य रात्रि को तूफान चलने पर ढ़ाई बजे आपूर्ति ठप हो गई, जो सुबह साढ़े चार बजे सुचारू हुई। उसके बाद सुबह छह बजे दोबारा विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी जो चकराता क्षेत्र में सुबह साढ़े आठ बजे सुचारू हुई जबकि त्यूणी क्षेत्र में सुबह सवा दस बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू हुई।आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र के त्यूणी,सहिया, कालसी, चकराता, सावडा विद्युत गृह से जुड़े क्षेत्र के सैकड़ों गांवों कस्बो में विद्युत आपूर्ति ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने से सुबह के समय गृहिणियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हुई। स्थानीय निवासी कैंट बोर्ड के पूर्व सदस्य आनंद राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर चौहान, नैन सिह राणा, राजेन्द्र सिह, भगत राम, मेहर सिह आदि का कहना है कि पिछले कई दिनों से चकराता में रोजाना बिजली की आंख मिचौनी का खेल चल रहा है, जिसके चलते रोजाना लोगों को परेशानी हो रही है।
![]()
