हरिद्वार। पिछले दिनों न्यू हरिद्वार कालोनी में नर्सिंग होम स्वामी और पड़ोसी के बीच हुए विवाद में पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज पहले से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराते हुए सतीश कुमार दत्ता पुत्र जीडी दत्ता निवासी न्यू हरिद्वार कालोनी ने बताया कि उनके पड़ोस में देवभूमि अस्पताल है। आरोप है कि अस्पताल संचालक डॉ. सुशील शर्मा उनके परिवार से रंजिश रखते हैं और अस्पताल का कूड़ा उनके घर के सामने फेंकते रहते हैं।
आरोप है कि 11 तारीख को उनके घर के सामने लघुशंका कर रहे अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड को उन्होंने टोका तब उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि चिकित्सक सुशील शर्मा के बुलाने पर आ धमके भाजपा पार्षद मोनिका सैनी के पति सचिन बैनीवाल, ड्राइवर पंकज यादव, साजन सैनी ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव में आए उसके बेटे समरित दत्ता और मेहमानों को भी नहीं बख्शा। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए हत्या की धमकी भी दी गई। उधर, देवभूमि अस्पताल के संचालक डॉ. सुशील शर्मा ने पड़ोसी एसके दत्ता समेत दो लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच कर रहे है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है।
![]()
